हजारीबाग संवाददाता नेमतुल्ला
हजारीबाग : चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़िया में आज, 2 फरवरी 2025 को, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया। इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बरही ने किया, जिसमें बरही अंचल के पुलिस निरीक्षक, चौपारण थाना प्रभारी, चौपारण थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं वन विभाग की टीम शामिल रही।
टीम ने ट्रैक्टर और अन्य साधनों की मदद से अफीम के खेतों को पूरी तरह से नष्ट किया। इसके साथ ही, स्थानीय ग्रामीणों को इस अवैध खेती के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे अफीम की खेती से दूर रहें और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए वैकल्पिक फसलों की खेती करें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अफीम की खेती न केवल गैरकानूनी है, बल्कि समाज के लिए भी घातक साबित हो सकती है। इस कार्रवाई के तहत अफीम की खेती करने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।