हजारीबाग में 'सावन उत्सव' का भव्य समापन, महिलाओं की प्रतिभा और आत्मनिर्भरता का अद्भुत संगम

हजारीबाग में 'सावन उत्सव' का भव्य समापन, महिलाओं की प्रतिभा और आत्मनिर्भरता का अद्भुत संगम

संवाददाता नेमतुल्ला 
हजारीबाग : अग्रवाल महिला मंडल, हजारीबाग द्वारा आयोजित 'सावन उत्सव' का समापन आज अग्रसेन भवन में बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ हुआ। सावन की हरियाली और उत्सव की रौनक को समर्पित इस दो दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन मौसम साफ रहने के कारण बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और कार्यक्रम का आनंद उठाया।यह उत्सव पिछले 15 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और अब यह केवल एक पारंपरिक आयोजन नहीं रह गया, बल्कि महिलाओं के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रतीक बन चुका है।इस अवसर पर मंडल की अध्यक्ष सोनल अग्रवाल ने कहा सावन उत्सव सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, महिलाओं की प्रतिभा और सामूहिक शक्ति का उत्सव है। यह मंच महिलाओं को आगे बढ़ने, अपने हुनर को प्रस्तुत करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर देता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी हमें अपार उत्साह और समर्थन मिला है।पूरे आयोजन स्थल को सावन थीम पर सजाया गया, जिससे वातावरण उत्सवमय हो गया। इस वर्ष 25 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए, जिनमें परिधान, हस्तशिल्प, राखियाँ, घरेलू खाद्य सामग्री और महिला उद्यमियों द्वारा तैयार अनूठे उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की गई।
हजारीबाग के अलावा रांची, गिरिडीह और तिलैया की महिला उद्यमियों की भागीदारी ने इस उत्सव को एक क्षेत्रीय व्यापारिक मेले का स्वरूप दे दिया। महिलाओं के लिए विविध प्रतियोगिताएं, मनोरंजन की विशेष व्यवस्था, बच्चों के लिए गेम्स और स्वादिष्ट फूड स्टॉल्स ने सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित किया।सावन उत्सव’ ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि जब महिलाएं एक मंच पर एकत्र होती हैं, तो वे न सिर्फ संस्कृति को सहेजती हैं, बल्कि समाज और व्यापार में भी नई ऊंचाइयों को छूने की क्षमता रखती हैं।

Post a Comment

0 Comments