झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती पर हजारीबाग में सम्राट कलाकारों की शानदार प्रस्तुति, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध

झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती पर हजारीबाग में सम्राट कलाकारों की शानदार प्रस्तुति, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध


संवाददाता नेमतुल्ला, 


हजारीबाग : झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर जिले में रजत जयंती समारोह बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इसी क्रम में जिला प्रशासन हजारीबाग द्वारा विनोबा भावे विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में आकर्षक और विविधतापूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें हजारीबाग के प्रसिद्ध सांस्कृतिक समूह सम्राट के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। समूह ने झारखंड की पारंपरिक लोक संस्कृति को दर्शाते हुए मनमोहक समूह लोकनृत्य प्रस्तुत किया, जिसने पूरे सभागार में उत्साह और तालियों की गूंज भर दी। कलाकारों की वेशभूषा, ताल-लय और नृत्य शैली ने झारखंडी संस्कृति की जीवंतता को खूबसूरती के साथ सामने रखा। रजत जयंती के इस विशेष अवसर पर प्रस्तुत किए गए नृत्य कार्यक्रम को दर्शकों ने बेहद पसंद किया और इसकी खूब सराहना की।कार्यक्रम के सफल आयोजन में सम्राट समूह के निर्देशक अमिताभ श्रीवास्तव और सहायक मनोज कुमार पुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों ने कलाकारों के साथ मिलकर प्रस्तुति को प्रभावशाली और यादगार बनाने में अहम योगदान दिया। रजत जयंती के इस सांस्कृतिक आयोजन ने झारखंड की समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

Post a Comment

0 Comments